गिरिडीह के पचंबा थाना में देर रात हंगामा, नाबालिग से छेड़खानी की शिकायत पर आमने-सामने आए दो पक्ष

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा थाना परिसर में गुरुवार देर रात नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी की शिकायत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती करनी पड़ी और लाठी भांजकर भीड़ को थाना परिसर से बाहर किया गया।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में इंस्टाग्राम वाले प्यार का खौफनाक अंत, 16 वर्षीय किशोर की हत्या; शव के टुकड़े कर जमीन में दफनाया

नाबालिग की शिकायत के बाद थाना पहुंची भाजपा टीम

जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग लड़की अपने साथ हुई कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर पचंबा थाना पहुंची थी। उसके साथ भाजपा नेता और वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू भी मौजूद थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी अन्य लोगों के साथ थाना पहुंच गए। इसके बाद थाना परिसर में धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जुटने लगी। दोनों पक्षों के लोगों के आमने-सामने आने के बाद मामला विवाद में बदल गया।

कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की, पुलिस ने संभाला मोर्चा

थाना परिसर में बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में नोकझोंक बढ़कर धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इससे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने पहले दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, भीड़ के बीच तनाव बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती बरती। पुलिस ने लाठी भांजकर लोगों को थाना परिसर से बाहर किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

भाजपा और आजसू नेताओं के पहुंचने से फिर बढ़ा तनाव

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव और आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता व कार्यकर्ता पचंबा थाना पहुंचे। नेताओं के पहुंचने के बाद एक बार फिर थाना परिसर में माहौल गरमा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे। थाना प्रभारी राजीव कुमार की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने भाजपा और आजसू नेताओं के साथ थाना के स्वागत कक्ष में काफी देर तक बातचीत की।

प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग

बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और कार्यकर्ता भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। नेताओं ने कथित छेड़खानी के आरोपी युवक के साथ उसके पिता और आरोपी को संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। साथ ही पुलिस से पूरे मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

डीएसपी के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी कोई भी हो, कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी के आश्वासन के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता शांत हुए। इसके बाद देर रात करीब एक बजे सभी लोग पचंबा थाना परिसर से बाहर निकल गए। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। नाबालिग की शिकायत और थाना परिसर में हुए हंगामे के बाद पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें