Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुए कथित प्रेम-प्रसंग का खौफनाक अंत सामने आया है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बिहार के जमुई जिले के मोरियाडीह निवासी 16 वर्षीय मिथुन कुमार की कथित तौर पर हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर जमीन में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक लड़की और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस पूरे मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रही है। बताया गया है कि मिथुन और पहाड़पुर गांव की एक लड़की के बीच करीब एक साल से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क था।
यह भी पढ़ें : रांची से लौट रहे 9वीं के छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत, जामताड़ा स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा
लड़की के बुलाने पर घर से निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार, रविवार को मिथुन कुमार घर से निकला था। आरोप है कि लड़की ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया था। इसके बाद मिथुन का कोई पता नहीं चला। परिजन लगातार चार दिनों तक उसकी तलाश करते रहे। इसी बीच वे पहाड़पुर गांव पहुंचे, जहां एक घर के पीछे जमीन में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। बताया गया कि शव से दुर्गंध आने के बाद कुत्तों ने जमीन खोदनी शुरू कर दी और शव का एक हिस्सा बाहर निकल आया। इसके बाद ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
घर के पीछे जमीन में दफनाया गया था शव
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, किशोर की कथित तौर पर घर के अंदर हत्या की गई। आरोप है कि साक्ष्य छिपाने के लिए शव को टुकड़ों में काटा गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शव को जलाने का प्रयास किया गया था या नहीं। बाद में शव को घर के पीछे खजूर के पेड़ के पास गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया गया था। चार दिन बाद शव से दुर्गंध आने लगी और कुत्तों द्वारा जमीन खोदने के बाद इस वारदात का खुलासा हुआ।
कमरे में मिले खून के निशान, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लड़की, उसके पिता जगदीश दास और मां को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल और घर के एक कमरे से खून के निशान मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य व नमूने जुटाए। पुलिस अब हत्या की असली वजह, वारदात में शामिल लोगों और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाने में जुटी है।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोदी गई जमीन
घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ सफी आलम, इंस्पेक्टर बम-बम कुमार सिंह और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और हिरासत में लिए गए लोगों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।
पहले दिल्ली में करता था काम, छह महीने से गांव में था
मिथुन कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार, वह पहले दिल्ली में काम करता था और करीब छह महीने से अपने गांव में रह रहा था। रविवार को घर से निकलने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। चार दिन बाद गिरिडीह के पहाड़पुर गांव से उसका शव मिलने के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Reporter | Samachar Post


