Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : लगातार बारिश और खरकई व स्वर्णरेखा नदियों के बढ़े जलस्तर से प्रभावित इलाकों में अब पानी कम होने के बाद राहत और पुनर्स्थापन कार्य तेज किया जा रहा है। उपायुक्त राजीव रंजन ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की और क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों की मरम्मत के साथ जल निकासी व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मांगी गई रिपोर्ट
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर बारिश और जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन रास्तों को चिह्नित करने को कहा, जहां क्षति के कारण बच्चों की स्कूल तक पहुंच या मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे मार्गों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा गया है।
मलबा हटाकर जल निकासी व्यवस्था होगी दुरुस्त
बैठक में पुल-पुलियों पर जमा मलबे और अन्य अवरोध हटाकर जल निकासी सुचारु करने पर भी जोर दिया गया। जिन इलाकों में पानी उतर चुका है, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। जल निकासी के बाद प्रभावित इलाकों में फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने को कहा गया है, ताकि मच्छरजनित बीमारियों और संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। उपायुक्त ने बारिश और आपदा से प्रभावित परिवारों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों के घर बारिश या आपदा के कारण गिर गए हैं, उनके मामलों का प्रस्ताव तत्काल तैयार कर भेजा जाए, ताकि नियमानुसार उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाया जा सके।

NH पर गड्ढों की मरम्मत के भी निर्देश
नेशनल हाईवे पर बारिश से बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को भी चिह्नित कर तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। डीसी ने सभी विभागों को प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।
यह भी पढ़ें : रांची में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, ब्राउन शुगर और गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
जाबिर पुल के पुनर्निर्माण की तैयारी
मानगो स्थित जाबिर पुल के बारिश के दौरान डूबने और आवागमन प्रभावित होने के बाद अभियंताओं ने स्थल निरीक्षण कर तकनीकी जांच की थी। जांच के बाद पुल के पुनर्निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है। अब निर्माण से संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेजा जा रहा है। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल के पुनर्निर्माण का काम शुरू कराने की तैयारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

