Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची में बरियातू थाना पुलिस ने नशीले कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित सरगना बॉक्सी खान उर्फ जावेद और उसके साथी सौरभ कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से एक थार वाहन से 122 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बॉक्सी खान बरियातू बस्ती का निवासी है, जबकि सौरभ कुमार गुप्ता लालपुर के रेडियम रोड का रहने वाला है। बरियातू स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी में छापेमारी के दौरान पुलिस ने थार (JH01GE-2211) को जब्त किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 122 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी इन दवाओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
यह भी पढ़ें : सावन में पहाड़ी मंदिर में शीशे की पूजन सामग्री पर प्रतिबंध, डीसी ने सुरक्षा को लेकर जारी किए निर्देश
कोलकाता से लाकर रांची में करता था सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह कोलकाता से प्रतिबंधित कफ सिरप लाकर रांची के विभिन्न इलाकों में उसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।

जमीन कारोबार की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन के कारोबार में आमदनी कम होने के बाद बॉक्सी खान ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर नशीले कफ सिरप की तस्करी शुरू की। वह अपने पुराने परिचितों और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों के माध्यम से कथित तौर पर यह नेटवर्क संचालित करता था। पुलिस के अनुसार, बाहरी लोगों के सामने वह खुद को जमीन का कारोबारी बताता था ताकि उसकी वास्तविक गतिविधियों पर किसी को संदेह न हो। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह थार वाहन का इस्तेमाल करता था।
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
बरियातू थाना पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद, आपूर्ति और वितरण के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अब तक यह गिरोह किन-किन इलाकों में सप्लाई कर चुका है।

Reporter | Samachar Post

