108 एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं होने और रास्ते में टायर फटने का आरोप, अस्पताल ले जाते समय मरीज की मौत

Meenu | July 20, 2026 | 11:11 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। पटमदा के जोड़सा गांव निवासी 65 वर्षीय संतोष कुंभकार की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं थी और रास्ते में एंबुलेंस का टायर फट जाने से मरीज को समय पर इलाज नहीं मिल सका। घटना के बाद परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विरोध प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें : श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सरायकेला में वज्रपात का कहर, 9 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल

एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं होने का आरोप

परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर संतोष कुंभकार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस में जीवनरक्षक ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस का टायर फट गया, जिससे काफी देर हो गई। इसी दौरान उनकी मौत हो गई।

बेटे ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

मृतक के बेटे दिलीप कुंभकार ने आरोप लगाया कि यदि एंबुलेंस में ऑक्सीजन उपलब्ध होती और रास्ते में वाहन खराब नहीं होता, तो उनके पिता की जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों के लिए 108 एंबुलेंस आपातकालीन जीवनरक्षक सेवा है, लेकिन आवश्यक सुविधाओं की कमी ने उनके परिवार से एक सदस्य छीन लिया।

जिले की एंबुलेंस व्यवस्था पर उठे सवाल

रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 25 एंबुलेंस हैं, जिनमें से 11 एंबुलेंस खराब होने के कारण लंबे समय से बंद बताई जा रही हैं। वर्तमान में केवल 14 एंबुलेंस ही संचालित हैं। इस घटना के बाद जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने मांगी रिपोर्ट

घटना के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें