Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : मेदिनीनगर स्थित कोयल नदी किनारे राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित एक सगाई समारोह के दौरान वर और वधु पक्ष के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दूल्हे की दो बहनें घायल हो गईं। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भोजपुरी गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, वर पक्ष चैनपुर प्रखंड के बंधुआ गांव का निवासी है, जबकि वधु पक्ष सेमराटांड गांव का रहने वाला है। दोनों परिवारों के बीच राम जानकी मंदिर परिसर में सगाई की रस्म चल रही थी। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान वधु पक्ष के कुछ लोग भोजपुरी गीत बजाकर नृत्य करने की बात कर रहे थे। इस पर वर पक्ष के लोगों ने मंदिर परिसर का हवाला देते हुए धार्मिक स्थल पर इस तरह के कार्यक्रम को अनुचित बताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान लड़के के भाई के साथ भी मारपीट की गई।

यह भी पढ़ें : छोटाबांकी डैम में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, पांच घंटे बाद बरामद हुआ शव
बीच-बचाव में घायल हुईं दो महिलाएं
विवाद शांत कराने पहुंचीं दूल्हे की दो बहनें भी इस दौरान घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार, धक्का लगने से दोनों महिलाएं बेहोश होकर गिर गईं। घटना के बाद उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

