पलामू में युवक की गोली मारकर हत्या, विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में बुधवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। हालांकि, कुछ देर बाद जाम हटा लिया गया।

गाड़ी रोककर बात कर रहे थे ओमप्रकाश

जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह अपनी गाड़ी रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और कथित तौर पर उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें दोबारा गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक के खिलाफ दर्ज थे आठ मामले

ओमप्रकाश सिंह हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कचरा गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, उनका आपराधिक इतिहास रहा है और अकेले हुसैनाबाद थाना में उनके खिलाफ आठ मामलों में FIR दर्ज है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। देर रात लोगों ने हत्या के विरोध में हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम हटा लिया गया।

यह भी पढ़ें : टांगी से हत्या का दावा, पोस्टमार्टम में सिर में गोली के साक्ष्य; राजमणी पाठक हत्याकांड की जांच पर उठे सवाल

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। एसपी के मुताबिक, पुलिस को मामले से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना स्थल हुसैनाबाद विधायक के आवास के नजदीक होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Share this news

संबंधित खबरें