रांची में ब्राउन शुगर बरामदगी के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों में झड़प, टाइगर जवान घायल

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर में बुधवार रात ब्राउन शुगर की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लेने की कोशिश के बाद विवाद बढ़ा और पुलिस व भीड़ के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान एक टाइगर जवान घायल हो गया।

संदिग्ध को पकड़ने के दौरान शुरू हुआ हंगामा

पुलिस के अनुसार, नशे के कारोबार के खिलाफ गठित विशेष टीम सूचना के आधार पर निजाम नगर पहुंची थी। टीम ने एक संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि हिरासत में लेने के दौरान संदिग्ध ने एक जवान की पिस्टल निकालने का प्रयास किया। जवान ने इसका विरोध करते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद संदिग्ध ने खुद को निर्दोष बताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर उसके परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान एक टाइगर जवान को चोट लग गई।

अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाली स्थिति

झड़प की जानकारी मिलने के बाद एएसपी कोतवाली के साथ हिंदपीढ़ी और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को शांत कराया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कर ली गई।

यह भी पढ़ें : रांची के कई इलाकों में आज 6 घंटे तक बिजली रहेगी बंद, देखें प्रभावित क्षेत्रों की सूची

दो आरोपियों की पहचान, FIR की तैयारी

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों की पहचान की गई है। दोनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस संबंध में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और ब्राउन शुगर की तस्करी से जुड़े आरोपों के साथ झड़प के दौरान हुई घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें