Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पानेश्वर महतो के कथित अपहरण से रामगढ़ में हड़कंप मच गया। मंगलवार देर रात कैथा-गोबरदरहा चौक के पास कुछ लोग खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें जबरन बोलेरो में बैठाकर ले गए। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस ने रातभर अभियान चलाया और बुधवार सुबह उन्हें हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया। रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने पानेश्वर महतो की बरामदगी की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रात करीब 10 बजे बोलेरो से पहुंचे थे आरोपी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे काले रंग की बोलेरो में कुछ लोग कैथा-गोबरदरहा चौक के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने खुद को कुजू ओपी के पुलिसकर्मी बताया और पानेश्वर महतो को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें नेशनल हाईवे के फोरलेन रास्ते से हजारीबाग की ओर ले जाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीमों ने रातभर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बुधवार सुबह पानेश्वर महतो को हजारीबाग से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने पानेश्वर महतो को हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस घटना के दौरान उनके साथ क्या हुआ, इसकी भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : 108 एम्बुलेंस सेवा का टेंडर रद्द करने की मांग, कर्मचारी संघ ने सरकार को 8 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया
फर्जी पुलिसकर्मी कौन थे, मकसद की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पानेश्वर महतो को अपने साथ ले जाने वाले लोग कौन थे और उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताने की कोशिश क्यों की। साथ ही कथित अपहरण के पीछे के मकसद की भी जांच की जा रही है। रामगढ़ एसपी ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

