Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस वारदात को उसके पति के दोस्त जतिन कामती ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बाइक की किस्त के पैसों को लेकर काजल के पति और आरोपी के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद आरोपी अपने एक नाबालिग साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक की किस्त के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, काजल कुमारी की शादी दरभंगा जिले के सोनपुर गांव निवासी शिवम कुमार से हुई थी। सोमवार शाम वह अपने ससुराल से मायके आई थी। इसी दौरान उसके साथ यह वारदात हुई। बताया जा रहा है कि काजल के पति शिवम कुमार ने अपने दोस्त जतिन कामती को बाइक खरीदने में मदद की थी। आरोप है कि बाइक की दो महीने की किस्त के पैसे लेने के बावजूद जतिन ने उन्हें जमा नहीं किया था। इसी बात को लेकर शिवम और जतिन के बीच फोन पर विवाद चल रहा था।
आरोप के मुताबिक, सोमवार शाम जतिन अपने एक नाबालिग साथी के साथ काजल के मायके पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर काजल की मां के साथ मारपीट की। जब काजल ने इसका विरोध किया, तो उस पर चाकू से चार वार किए गए। गंभीर रूप से घायल काजल की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शव के अंतिम संस्कार को लेकर भी हुआ विवाद
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के मायके वाले शव लेकर कथित आरोपी जतिन के घर पहुंच गए। वहां उन्होंने अंतिम संस्कार करने की बात कही। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने पर शव का अंतिम संस्कार गांव के गाछी में किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल रहा।
मां ने दो आरोपियों के खिलाफ दिया आवेदन
इस मामले में काजल की मां ने जतिन कामती और उसके नाबालिग साथी के खिलाफ पुलिस को आवेदन दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और घटना के पीछे के विवाद के साथ आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।





















