Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले में विजयादशमी के दिन सड़क हादसे में 55 वर्षीय राजमिस्त्री सुधीर टुडू की मौत हो गई। गोपालपुर-अमला चातर रोड पर दूध कैबरा तालाब के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुधीर को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।
काम से घर लौट रहे थे सुधीर टुडू
जानकारी के अनुसार, दूध कैबरा गांव निवासी सुधीर टुडू मंगलवार को सतशाल गांव में राजमिस्त्री का काम करने गए थे। काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत गोपालपुर-अमला चातर रोड पर दूध कैबरा तालाब के पास अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, जामताड़ा पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजयादशमी के दिन हुए इस हादसे से मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो बेटियों और दो बेटों को छोड़ गए सुधीर
पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज सोरेन ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि सुधीर टुडू अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। वह राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा रहे सुधीर की मौत के बाद परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग
पूर्व मुखिया मनोज सोरेन ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार के मुखिया की असमय मौत के बाद परिजनों को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी आजीविका चला सकें और बच्चों की परवरिश कर सकें।






















