Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की राजधानी रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से 14 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बैंक मोड़ चौक के पास हुआ। दुर्घटना में छात्रा का दायां पैर कटकर अलग हो गया। घायल छात्रा की पहचान गुरुगाईं गांव निवासी बुतुरू साहू की बेटी मिठू कुमारी उर्फ मिठू साहू के रूप में हुई है। वह आदिवासी बाल विकास विद्यालय, ठाकुरगांव में नौवीं कक्षा की छात्रा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।
बैंक मोड़ चौक के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मिठू कुमारी ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के बैंक मोड़ चौक के पास थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि छात्रा का दायां पैर कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को बेहतर चिकित्सा के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा गया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



















