होली के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़, कई ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति

Rupa Kumari | March 6, 2026 | 01:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : होली का त्योहार खत्म होते ही झारखंड से बाहर काम करने वाले लोग वापस महानगरों की ओर लौटने लगे हैं। इसके चलते ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। रांची, धनबाद और अन्य स्टेशनों से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद और सूरत जैसे बड़े शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है।

कई ट्रेनों में ‘नो रूम’ और लंबी वेटिंग

त्योहार के बाद लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से कई ट्रेनों के डिब्बे पूरी तरह भर चुके हैं। अधिकांश ट्रेनों में ‘नो रूम अवेलेबल’ की स्थिति बन गई है और वेटिंग सूची भी काफी लंबी हो गई है। भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (20817) की 3ए श्रेणी में 7 मार्च को 42, 14 मार्च को 34 और 21 मार्च को 15 वेटिंग दर्ज की गई है। वहीं रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) में 7 मार्च को ‘रिग्रेट’ की स्थिति रही, जबकि 11 मार्च को 7 और 14 मार्च को 20 वेटिंग थी। इसके अलावा पूरी-आनंद विहार एक्सप्रेस (12801) में 9 मार्च तक स्लीपर क्लास में सीटें ‘रिग्रेट’ हो चुकी हैं। हावड़ा-कालका मेल एक्सप्रेस (12311) में स्लीपर क्लास की सीटें 10 मार्च तक ‘रिग्रेट’ थीं, जबकि 3ए में 100 से अधिक वेटिंग चल रही है। वहीं हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस (12321) में स्लीपर क्लास में 200 से अधिक और 3ए में 70 से ज्यादा वेटिंग दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें: अफवाहों से साहिबगंज में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, लोगों में घबराहट का माहौल

रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पहले से ही विशेष तैयारी की है। धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन अप्रैल तक जारी रहेगा। भारतीय रेलवे ने झारखंड और बिहार से बड़े शहरों के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग पांच दर्जन विशेष ट्रेनों का परिचालन किया है। इन ट्रेनों के चलने से भारी भीड़ और लंबी वेटिंग के बावजूद यात्रियों को कुछ हद तक राहत मिल रही है।

Share this news

संबंधित खबरें