Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में अगले दो दिनों तक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में 21 और 22 जून को मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह सहित कोल्हान एवं संताल परगना के सभी जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है।
यह भी पढ़ें :खूंटी में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: गिरफ्तार PLFI सदस्य श्रवण दास गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती
संताल परगना और कोल्हान में भारी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के कुछ इलाकों में घने बादलों के कारण भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक, पलामू संभाग सहित राज्य के सात जिलों में इस मौसमी सिस्टम का प्रभाव अपेक्षाकृत कम देखने को मिलेगा। हालांकि इन क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

झारखंड में मानसून की एंट्री कब होगी?
मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जून तक झारखंड के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रवेश कर सकता है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो मानसून धीरे-धीरे पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा।
मंगलवार से बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मंगलवार के बाद आसमान में बादलों की मात्रा कम हो सकती है। इसके चलते कई इलाकों में धूप निकलने की संभावना है, जिससे तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि मानसून की गतिविधियों के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

Reporter | Samachar Post

