अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बाबूलाल मरांडी ने बच्चों के साथ किया योग, वृक्षासन मुद्रा में दिखे पूर्व मुख्यमंत्री

Meenu | June 21, 2026 | 12:09 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी ने रविवार सुबह रांची के मोराबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में बच्चों और युवाओं के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन विवेकानंद युवा फाउंडेशन और आरसी डिफेंस एकेडमी की ओर से किया गया था। योग सत्र के दौरान बाबूलाल मरांडी वृक्षासन मुद्रा में योग करते नजर आए। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें :खलारी में थाना चालक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

योग को बताया शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का आधार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की। योग दिवस के अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भी योग से जुड़ा संदेश साझा किया। उन्होंने लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन के लिए नियमित योग करने की प्रेरणा दी।

युवाओं को दिया फिट और अनुशासित जीवन का मंत्र

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन किए और योग के महत्व को समझा। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन को भी बढ़ावा देता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न पारंपरिक योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

Share this news

संबंधित खबरें