Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर के मानगो आजाद बस्ती रोड नंबर-14 निवासी शेख सलमान की स्वर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है, जब वह अपने कुछ दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें :पटना में तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, इलाज के दौरान मौत; परिवार में मचा कोहराम
छह दोस्तों के साथ गया था नदी, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सलमान अपने छह दोस्तों के साथ स्वर्णरेखा नदी पहुंचा था। नहाने के दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक बीच धारा में फंसकर डूबने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। परिजनों और साथ मौजूद युवकों के अनुसार, कुछ दोस्तों ने सलमान को गहरे पानी की ओर जाने के लिए प्रेरित किया था। आरोप है कि जब वह डूबने लगा तो कुछ युवक मौके से चले गए, जबकि अन्य ने बचाने का प्रयास किया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।

गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार में मातम, पुलिस कर रही जांच
मृतक शेख सलमान पेशे से स्कूल वैन चालक था और परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के समय मौजूद युवकों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

