Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध जमामो माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय चेन स्नैचर गिरोह के चार आरोपियों को बिहार के नवादा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी एक ही परिवार से जुड़े हैं और पहले भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को जमामो माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंची महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी की गई थी। मामले में हीरोडीह थाना क्षेत्र निवासी अजीत कुमार साव के लिखित आवेदन पर तिसरी थाना में कांड संख्या 72/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ SDPO अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की गई।
CCTV फुटेज से मिला पहला सुराग
SIT ने तत्काल मंदिर परिसर पहुंचकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से अंशु कुमारी नाम की एक संदिग्ध महिला को डोरंडा स्थित उसके किराये के मकान से हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, अंशु कुमारी से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिली। उसकी निशानदेही पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार के नवादा जिले में छापेमारी की। टीम ने सिरदला थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान टिंकल मिश्रा, सरिता देवी और मुस्कान देवी के रूप में हुई है।

चोरी की सोने की चेन और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने डोरंडा स्थित किराये के मकान पर छापेमारी की। वहां से जमामो माता मंदिर से चोरी की गई सोने की चेन, सोने का लॉकेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरोह में मां, बेटा, बहू और चचेरी बहन के शामिल होने की बात सामने आई है। अब पुलिस इनके अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ बिहार और अन्य राज्यों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं से इनके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : पलामू में हाइवा की टक्कर से शिक्षक गंभीर घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
24 घंटे में कार्रवाई से पुलिस को मिली सफलता
जमामो माता मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल पर महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। CCTV फुटेज, पूछताछ और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गिरोह तक पहुंची और 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया।इस कार्रवाई में खोरीमहुआ SDPO अमरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर रोहित महतो, तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर, SI लव कुमार, ASI मोहम्मद मूसा, निरंजन राय, नीरज कुमार सिंह, राहुल यादव और मीना मुर्मू समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

