Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सितलपुर श्मशान घाट रोड निवासी रामेश्वर महतो ट्रेजरी विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी हैं। वह 20 जून की शाम अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और मुख्य दरवाजे समेत कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी और बक्सों को खंगालकर नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें :आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, नर्सिंग स्टाफ की मौत; दूसरा चालक फरार
इलाज के लिए रखे थे 50 हजार रुपये नगद
पीड़ित रामेश्वर महतो ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के इलाज के लिए 50 हजार रुपये नगद घर में रखे थे। चोर इस राशि के साथ-साथ सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये बताई जा रही है। रविवार को जब रामेश्वर महतो वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रिहायशी इलाके में हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post

