आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, नर्सिंग स्टाफ की मौत; दूसरा चालक फरार

Meenu | June 21, 2026 | 05:24 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला-खरसावां :सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नर्सिंग स्टाफ की मौत हो गई। मर्सिडीज शोरूम के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान ओडिशा निवासी देवाशीष साहू के रूप में हुई है। वह नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से अस्पताल कर्मियों और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह भी पढ़ें :शादी समारोह में जा रहे 3 सगे भाई-बहनों की दर्दनाक मौत, बेकाबू ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर

मर्सिडीज शोरूम के पास हुई जोरदार भिड़ंत

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह देवाशीष साहू अपनी मोटरसाइकिल से आदित्यपुर से आरआईटी मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मर्सिडीज शोरूम के पास सामने से आ रही एक यामाहा बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवाशीष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल देवाशीष को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक अपना वाहन घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। देवाशीष साहू की असामयिक मौत से नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के कर्मचारियों और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के बीच शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने उन्हें मिलनसार और कर्मठ कर्मचारी बताया।

Share this news

संबंधित खबरें