अफवाहों से साहिबगंज में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, लोगों में घबराहट का माहौल

Rupa Kumari | March 6, 2026 | 01:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : देश-विदेश में जारी युद्ध की खबरों के बीच झारखंड के साहिबगंज जिले में शुक्रवार को अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल की संभावित कमी की चर्चा फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच गए, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं।

अफवाह से फैली घबराहट

मिली जानकारी के अनुसार, विदेशों से पेट्रोल आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाह सोशल मीडिया और आपसी बातचीत के जरिए तेजी से फैल गई। इसके बाद लोग एहतियात के तौर पर अधिक मात्रा में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। स्थिति यह रही कि कई जगहों पर वाहन चालकों की लंबी लाइन लग गई। कुछ लोग तो बोतल और डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाने की कोशिश करते नजर आए, जिससे पंपों के बाहर अव्यवस्था जैसी स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें: बीआईटी मेसरा में झारखंड की जनजातीय विरासत और डिजिटल नवाचार पर तीन दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस

संचालकों ने कहा – आपूर्ति सामान्य

पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उनका कहना है कि फिलहाल ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद अफवाहों के कारण लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती रही, जिससे कई पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। अधिकारियों ने भी लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक घबराहट से बचें।

Share this news

संबंधित खबरें