Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : शहर स्थित संत जेवियर्स स्कूल के पीछे गंगा घाट पर मंगलवार को दर्दनाक घटना सामने आई, जहां स्नान के दौरान एक 14 वर्षीय किशोर नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर गंगा स्नान कर रहा था, तभी अचानक वह गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह नदी की गहराई में समा गया और लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम
सूचना मिलते ही सदर अंचलाधिकारी (CO) और गंगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। प्रशासन की ओर से गंगा नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि खबर लिखे जाने तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
यह भी पढ़ें: रांची में कृषि उत्पादन मेला-2026 का आगाज, सीएम हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि यहां न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यह इस स्थान पर गर्मी के मौसम में डूबने की दूसरी बड़ी घटना है। प्रशासन ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गोताखोरों की टीम लगातार नदी में सर्च कर रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि किशोर का पता लगाया जा सके। यह घटना एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर करती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

