जामताड़ा में इलेक्ट्रिक स्कूटी में जोरदार धमाके के बाद लगी आग, 8 मिनट में जलकर हुई राख

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा थाना क्षेत्र के गायत्री धाम मोहल्ले में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक जोरदार धमाकों के बाद आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी धू-धू कर जलने लगी और करीब 8 मिनट के भीतर पूरी तरह जलकर राख हो गई। राहत की बात रही कि घटना के समय घर के अंदर मौजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। परिवार के मुताबिक, उन्होंने करीब 9 महीने पहले दुमका रोड स्थित शाव एजेंसी से 56 हजार रुपये में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान बाहर खड़ी स्कूटी से लगातार दो-तीन तेज धमाके सुनाई दिए। आवाज सुनकर जब परिजन बाहर पहुंचे तो स्कूटी में आग लगी हुई थी।

धमाकों के बाद मोहल्ले में मची अफरा-तफरी

अचानक लगी आग और धमाकों की वजह से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि आग की चपेट में घर का कोई सदस्य नहीं आया और सभी लोग सुरक्षित रहे। परिजनों का कहना है कि समय रहते स्थिति संभल गई, वरना आग आसपास के हिस्से में भी फैल सकती थी।

खरीदने के बाद से ही आ रही थी खराबी

पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्कूटी खरीदने के बाद से ही उसमें लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही थीं। परिवार के अनुसार, वाहन अभी महज 9 महीने ही पुराना था और इस दौरान उसे ठीक से चलाने में भी परेशानी होती रही। परिवार का कहना है कि इतनी कम अवधि में स्कूटी के पूरी तरह जलकर नष्ट हो जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

यह भी पढ़ें : पलामू में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मां से बात के दो घंटे बाद फंदे से लटका मिला शव

कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिवार की ओर से स्कूटी में आग लगने के कारणों और पहले से आ रही खराबियों की जांच की मांग की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग किस तकनीकी वजह से लगी और धमाके का कारण क्या था। मामले की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

संबंधित खबरें