Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा : जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत बगड़ू थाना क्षेत्र के मेरेले गांव में नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान इजुश कुजूर के पुत्र अभिषेक कुजूर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने एक साथी के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका दोस्त अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी को मुश्किल में देख अभिषेक ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।

दोस्त को बचाने में कामयाब रहा अभिषेक
अभिषेक ने डूब रहे अपने साथी की ओर हाथ बढ़ाया और उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद वह दोस्त को सुरक्षित नदी से बाहर निकालने में सफल रहा। हालांकि, साथी को बचाने के दौरान अभिषेक खुद नदी के गहरे हिस्से में चला गया। इसके बाद वह पानी में डूबने लगा।
यह भी पढ़ें : रांची में आज कई इलाकों में बिजली कटौती, 5 घंटे तक बंद रहेगी सप्लाई; देखें पूरा शेड्यूल
आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले डूब गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभिषेक को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह गहरे पानी में समा चुका था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। दोस्त की जान बचाने की कोशिश में अभिषेक ने अपनी जान गंवा दी। उसकी मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


