रामगढ़ में हाइवा की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : जिले के बुंडू गांव के पास सोमवार को सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जीतन मांझी के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गिद्दी-नयीसराय मार्ग जाम कर दिया। बताया गया कि 24 चक्का हाइवा पतरातू से गिद्दी होते हुए डोभी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बुंडू गांव के समीप जीतन मांझी हाइवा की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में हाइवा चालक को भी चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर गिद्दी-नयीसराय मार्ग पर आवागमन रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे को लेकर समाधान नहीं निकलता, तब तक वे सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं।

यह भी पढ़ें : नॉर्मलाइजेशन के मुद्दे पर घिरा JSSC, हाईकोर्ट में अब 28 सितंबर को होगी अगली सुनवाई

पुलिस जाम हटाने की कोशिश में जुटी

सड़क जाम की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और हाइवा के सड़क किनारे पलटने की परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है। वहीं, सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

Share this news

संबंधित खबरें