सरायकेला में ब्रेकर पर धीमी कार को ट्रक ने मारी टक्कर, चार यात्री बाल-बाल बचे

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : टाटा-रांची मुख्य मार्ग NH-33 पर विनोद बिहारी घोड़ा नेगी चौक के पास सोमवार दोपहर सड़क हादसा हो गया। ब्रेकर के कारण धीमी हुई इनोवा कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार यात्री बाल-बाल बच गए। हालांकि, टक्कर से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ब्रेकर के कारण धीमी हुई थी इनोवा

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुआ। इनोवा कार संख्या JH01GU6813 में चार लोग रांची एयरपोर्ट से जमशेदपुर जा रहे थे। घोड़ा नेगी चौक के पास सड़क पर बने ब्रेकर के कारण चालक ने वाहन की गति कम की। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक संख्या MH04L017-13 ने इनोवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा का पिछला हिस्सा दब गया। हालांकि, कार में सवार चारों यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद सभी यात्री काफी घबराए हुए नजर आए। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है।

वाहन क्षतिपूर्ति को लेकर हुआ समझौता

हादसे के बाद इनोवा चालक ने बताया कि उनकी मुख्य मांग वाहन की क्षतिपूर्ति का खर्च मिलने को लेकर है। इसके अलावा उनकी कोई अन्य मांग नहीं थी। बताया गया कि दोनों वाहन चालकों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझ गया। इसके बाद कार सवार यात्रियों के लिए दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की गई और वे आगे जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में रिटायर शिक्षक पर फायरिंग, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और कारतूस बरामद

अधिक ब्रेकर को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों ने सड़क पर जगह-जगह लगाए गए ब्रेकर को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि अचानक ब्रेकर आने पर वाहनों की रफ्तार कम होती है और पीछे से आने वाले वाहनों के लिए टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने सड़क पर ब्रेकर की संख्या और उनकी स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। घटना को लेकर पुलिस को किसी प्रकार की शिकायत या सूचना मिलने की बात सामने नहीं आई है।

Share this news

संबंधित खबरें