Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : खरसावां जिले के सिनी ओपी क्षेत्र स्थित वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, मानव तस्करी और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की।
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने छात्रों को साइबर ठगी से बचाव के जरूरी तरीके बताए। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। साथ ही OTP, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

नौकरी और पैसे का लालच देकर मानव तस्करी का खतरा
मानव तस्करी के संबंध में ओपी प्रभारी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में कई बार लोगों को नौकरी और पैसे का लालच देकर दूसरे स्थानों पर ले जाने की कोशिश की जाती है। विद्यार्थियों को ऐसे लोगों से सावधान रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया। जागरूकता अभियान में नशे के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। विनय कुमार सिंह ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाए रखने और पढ़ाई तथा अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC अनियमितता की CBI जांच की मांग, भाजपा ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन; 48 घंटे का अल्टीमेटम
अपराध की जानकारी मिले तो 112 पर करें फोन
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को किसी भी अप्रिय घटना या अपराध की जानकारी मिलने पर चुप न रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने ऐसी स्थिति में डायल 112 या सिनी ओपी को तत्काल सूचना देने की अपील की। जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

