सरायकेला के कृष्णा हेवन सिटी में दर्दनाक हादसा, बहुमंजिला फ्लैट से गिरकर 22 वर्षीय युवती की मौत

Meenu | August 27, 2026 | 12:37 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित सतबहिनी के कृष्णा हेवन सिटी आवासीय परिसर में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बहुमंजिला इमारत से गिरकर 22 वर्षीय युवती खुशबू कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।,जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अचानक ऊंचाई से किसी के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिसर में मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां एक युवती जमीन पर गिरी मिली। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आई थीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में घटना की सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई।

यह भी पढ़ें : जयराम महतो विवाद पर मंत्री इरफान अंसारी बोले- एक कदम पीछे हटकर सॉरी बोल दें तो मामला हो जाएगा रफा-दफा

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्महत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती की मौत आत्महत्या के कारण हुई या वह दुर्घटनावश नीचे गिरी। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। युवती की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गहरे सदमे में हैं।

Share this news

संबंधित खबरें