Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : बेटे की शादी के लिए राजस्थान से धनबाद पहुंचे एक परिवार के साथ कथित तौर पर ठगी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी का रिश्ता तय करने के नाम पर पहले ऑनलाइन रुपये मंगवाए गए, फिर कपड़े और गहने खरीदवाए गए। इसके बाद उन्हें सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की गई और दूल्हे के पिता का मोबाइल छीनकर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बरवाअड्डा थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। राजस्थान के अरवल जिले के बगडतराय गांव निवासी श्याम नट अपने बेटे गुल्लू की शादी के सिलसिले में अपनी पत्नी और भाई के साथ बरवाअड्डा पहुंचे थे। परिवार के मुताबिक, पिछले करीब 10 दिनों से लड़की पक्ष की एक महिला फोन पर शादी की बातचीत कर रही थी। रिश्ता तय होने के बाद सोमवार को श्याम नट अपने परिजनों के साथ धनबाद पहुंचे।
शादी की सहमति के नाम पर ऑनलाइन लिए 40 हजार रुपये
पीड़ित पक्ष के अनुसार, बरवाअड्डा पहुंचने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने शादी की सहमति के नाम पर फोन-पे के जरिए 40 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद एक स्थान पर सिंदूरदान की रस्म भी कराई गई। रस्म पूरी होने के बाद लड़की पक्ष के लोग दूल्हे और उसके परिजनों को टुंडी रोड स्थित एक कपड़े की दुकान पर ले गए। वहां करीब 23 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए। इसके अलावा करीब 35 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने भी खरीदवाए जाने का आरोप है।
खरीदारी के बाद सुनसान जगह ले जाकर मारपीट का आरोप
परिवार का आरोप है कि खरीदारी के बाद लड़की पक्ष के लोगों का व्यवहार अचानक बदल गया। वे दूल्हे और उसके परिजनों को बहाने से नेशनल हाईवे के किनारे एक सुनसान जगह पर ले गए। पीड़ितों के अनुसार, वहां उनके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान दूल्हे के पिता श्याम नट का मोबाइल छीन लिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार डर और घबराहट की स्थिति में बरवाअड्डा थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पुलिस को सौंपी कपड़ों की खरीदारी की रसीद
पीड़ित परिवार ने घटना से जुड़े साक्ष्य के तौर पर कपड़ों की दुकान से हुई करीब 23 हजार रुपये की खरीदारी की रसीद भी पुलिस को सौंपी है। रसीद पर दुकान का नाम दर्ज बताया गया है। बरवाअड्डा थाना पुलिस अब पीड़ित परिवार के बयान के अलावा खरीदारी के दौरान संपर्क में आए लोगों और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : बोकारो के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, आज कई ट्रेनों के रूट और परिचालन में बदलाव
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व तलाश के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। घटनास्थल और खरीदारी वाले स्थान के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी जांच का हिस्सा हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और कथित ठगी व मारपीट की पूरी घटना किस तरह हुई।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


