धनबाद में यूट्यूबर आर्यन केल्विन के फैंस मीट में भगदड़ जैसे हालात, बैरियर टूटे; पुलिस ने बंद कराया कार्यक्रम

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में सोमवार को यूट्यूबर आर्यन केल्विन के फैंस मीट के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। आर्यन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उनसे मिलने और स्टेज के करीब जाने के लिए प्रशंसकों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरियर टूट गए। इसके बाद कई प्रशंसक पर्दे फाड़कर स्टेज पर चढ़ गए। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे बाउंसरों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। काफी प्रयास के बाद भी भीड़ नियंत्रित नहीं हुई तो पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया।

यह भी पढ़ें : रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया समेत 7 राज्यों में ED की छापेमारी, TMC सांसद नदीमुल हक से जुड़ा मामला

झारखंड ही नहीं, दूसरे राज्यों से भी पहुंचे थे प्रशंसक

फैंस मीट में आर्यन केल्विन से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी प्रशंसक आए थे। आर्यन के मैदान में पहुंचते ही भीड़ अचानक उनकी ओर बढ़ने लगी, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।

राजकीय शोक के कारण डीजे बजाने पर थी रोक

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाउंसरों के अलावा पुलिस की गश्ती टीम भी तैनात की गई थी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय गोल्फ ग्राउंड पहुंचे थे। उन्होंने झारखंड के मंत्री दिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद घोषित दो दिवसीय राजकीय शोक को देखते हुए आयोजकों को डीजे नहीं बजाने का निर्देश दिया था। हालांकि, माइक के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी। आयोजकों ने पुलिस के निर्देश का पालन करते हुए डीजे नहीं बजाया। थाना प्रभारी ने बताया कि वे एसडीओ के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। राजकीय शोक के दौरान डीजे नहीं बजाने का आदेश था। बाद में भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया।

स्टेज तक पहुंचने की होड़ में टूटे बैरियर

आर्यन केल्विन के पहुंचते ही प्रशंसकों में उनके साथ नजदीक से मिलने की होड़ मच गई। भीड़ आगे बढ़ी तो लोहे के बैरियर टूट गए। इसके बाद कुछ लोग पर्दे फाड़कर स्टेज पर पहुंच गए। बाउंसरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालात सामान्य नहीं होने पर कार्यक्रम को रोकना पड़ा।

बाइक से खतरनाक स्टंट करते युवक को पुलिस ने पकड़ा

कार्यक्रम के दौरान गोल्फ ग्राउंड में बाइक से खतरनाक स्टंट करना भी एक युवक को भारी पड़ा। पुलिस ने बोकारो के सियालजारी निवासी 23 वर्षीय विकास मोदक को स्टंट करते हुए पकड़ लिया। उस समय धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेने के साथ उसकी बाइक जब्त कर ली। पूछताछ के बाद उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त बाइक का चालान किया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें