Samachar Post रिपोर्टर, रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया समेत देश के सात राज्यों में एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े मामले में की जा रही है। रांची के अलावा दिल्ली और कोलकाता में भी ईडी की टीम कई ठिकानों पर तलाशी ले रही है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की कोलकाता टीम सांसद से जुड़े मामले की जांच के तहत रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ठिकाने पर पहुंची है। मामले में मुख्य कार्रवाई कोलकाता में बताई जा रही है, जबकि रांची के एक ठिकाने को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।
अखबार के कंटेंट और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जांच
बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले कंटेंट के कथित प्रकाशन, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कुछ सौदों के जरिए फंडिंग से जुड़ी शिकायतों के सिलसिले में की जा रही है। रांची में की जा रही छापेमारी को अखबार-ए-मशरिक प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले से जोड़ा जा रहा है। जांच के केंद्र में कथित तौर पर उर्दू दैनिक में प्रकाशित कुछ आपत्तिजनक सामग्री और अखबार में किए गए निवेश से संबंधित पहलू हैं।

FIR के आधार पर ECIR दर्ज कर जांच शुरू
मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में विधाननगर में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने ECIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। इसके बाद 7 सितंबर को कोलकाता, दिल्ली और रांची समेत कई स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया का ठिकाना भी इसी कार्रवाई का हिस्सा बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : कौन है कुंदन कुमार? JSSC-CGL में खुद भी हुआ सफल, 12 से अधिक अभ्यर्थियों की ‘सेटिंग’ का आरोप
कोलकाता के पार्क सर्कस स्थित अखबार कार्यालय में भी तलाशी
ईडी की टीम कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में स्थित अखबार-ए-मशरिक के कार्यालय में भी पहुंची। यहां केंद्रीय बलों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई के समय अखबार के मुख्य कार्यालय में ताला लगा हुआ था। फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है। तलाशी के दौरान किन दस्तावेजों या अन्य सामग्री को जब्त किया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े विस्तृत तथ्यों का पता चल सकेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


