धनबाद में भीषण भू-धंसान, कई मकान जमींदोज; मलबे में दबे लोगों को ग्रामीणों ने निकाला

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद जिले के कतरास-जोगता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह अचानक हुए भीषण भू-धंसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सिजुआ काली मंदिर के समीप जमीन धंसने की घटना में कई आवासीय मकान देखते ही देखते जमींदोज हो गए। घटना के समय कुछ लोग घरों में मौजूद थे और मलबे में दब गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें : UP की तर्ज पर झारखंड में भी बदलेंगे गली-मोहल्लों के नाम? गढ़वा में सूची तैयार करने की कवायद तेज

अचानक धंसी जमीन, देखते ही देखते गिर गए मकान

मंगलवार सुबह सिजुआ काली मंदिर के आसपास अचानक जमीन धंसने लगी। कुछ ही देर में कई मकान इसकी चपेट में आ गए और जमीन में समा गए। हादसे के समय घरों में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घटना के बाद आसपास के लोग भी अपने घरों को लेकर चिंतित हैं।

अवैध कोयला खनन का आरोप

भू-धंसान के कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल क्षेत्र में कथित तौर पर हो रहे अवैध कोयला खनन और भूमिगत खदानों में गतिविधियों को हादसे का कारण बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में भूमिगत गतिविधियों के कारण जमीन कमजोर हो रही थी। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक जांच और पुष्टि अभी बाकी है।

सड़क जाम कर जांच और मुआवजे की मांग

घटना और प्रशासनिक व्यवस्था से नाराज स्थानीय लोगों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास देने की मांग की है। भू-धंसान की घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। लोग प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कराने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें