UP की तर्ज पर झारखंड में भी बदलेंगे गली-मोहल्लों के नाम? गढ़वा में सूची तैयार करने की कवायद तेज

Samachar Post डेस्क, रांची : उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब झारखंड में भी गली और मोहल्लों के नाम बदलने की कवायद शुरू हो गई है। नगर विकास विभाग ने राज्य के सभी जिलों को पत्र जारी कर शहरी क्षेत्रों की उन गलियों और मोहल्लों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है, जिनके नाम किसी व्यक्ति विशेष, धर्म या संप्रदाय के नाम पर रखे गए हैं। निर्देश मिलने के बाद गढ़वा जिले के नगर निकायों में इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल संबंधित गलियों और मोहल्लों की पहचान कर सूची तैयार की जा रही है।

यह भी पढ़ें : स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में धनबाद ने मारी बाजी, रांची 27वें और जमशेदपुर 36वें स्थान पर

गढ़वा के नगर निकायों में शुरू हुई प्रक्रिया

नगर विकास विभाग के निर्देश के बाद गढ़वा नगर परिषद के साथ-साथ नगर ऊंटारी और मझिआंव नगर पंचायत में भी गली-मोहल्लों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निकाय स्तर पर पहले उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जिनके नाम व्यक्ति विशेष, धर्म या किसी संप्रदाय के नाम पर रखे गए हैं। इसके बाद पूरी सूची तैयार कर नगर विकास विभाग को भेजी जाएगी।

सूची भेजने के बाद विभाग करेगा आगे का फैसला

गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने नगर विकास विभाग से पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग के निर्देश के आलोक में संबंधित गलियों और मोहल्लों की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद इसे नगर विकास विभाग को भेजा जाएगा। नाम बदलने या इस संबंध में आगे की कार्रवाई को लेकर अंतिम निर्णय विभाग के निर्देश के अनुसार लिया जाएगा।

अभी केवल सूची तैयार करने का निर्देश

फिलहाल नगर निकायों को गली और मोहल्लों के नाम तत्काल बदलने का निर्देश नहीं दिया गया है। अभी केवल ऐसे स्थानों की सूची तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग के स्तर से आगे के निर्देश मिलने के बाद ही नाम परिवर्तन को लेकर कोई कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें