वनांचल एक्सप्रेस में RPF की बड़ी कार्रवाई, ₹59 लाख के 174 चोरी के मोबाइल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 12, 2026 | 01:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, साहेबगंज : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वनांचल एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित मोबाइल तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 59 लाख रुपये मूल्य के 174 चोरी के एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये मोबाइल देश के विभिन्न हिस्सों से चोरी कर बांग्लादेश और नेपाल के बाजारों में खपाने की तैयारी की जा रही थी।

गुप्त सूचना पर चला विशेष अभियान

RPF बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गुमानी और बरहरवा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में हाई वोल्टेज ड्रामा: 33 हजार केवी बिजली टावर पर चढ़ा युवक, डेढ़ घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया

चलती ट्रेन से भागने की कोशिश

जांच के दौरान जनरल कोच में दो संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग के साथ मिले। RPF टीम को देखकर दोनों घबरा गए और कथित रूप से चलती ट्रेन से कूदकर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28) और मोहम्मद रहमत शेख (23) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। बरहरवा स्टेशन पर आरोपियों के बैग की तलाशी लेने पर कुल 174 पुराने और इस्तेमाल किए गए एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें 85 मोबाइल नासरुद्दीन शेख और 89 मोबाइल रहमत शेख के पास से मिले। RPF के अनुसार, बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत ₹58.95 लाख से अधिक आंकी गई है।

नहीं दिखा सके कोई वैध दस्तावेज

पूछताछ के दौरान आरोपी मोबाइल फोनों के स्वामित्व या खरीद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। दोनों आरोपियों को जब्त सामान के साथ आगे की जांच और कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा के हवाले कर दिया गया है।

मोबाइल चोरी के नेटवर्क की जांच तेज

जानकारी के अनुसार, साहेबगंज जिले के तीनपहाड़, महाराजपुर और आसपास के क्षेत्रों का नाम पहले भी मोबाइल चोरी और तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आता रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जो भीड़भाड़ वाले आयोजनों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों से मोबाइल चोरी कर उन्हें विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देशों के बाजारों तक पहुंचाता है। फिलहाल पुलिस और RPF इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान मोबाइल चोरी और तस्करी से जुड़े बड़े गिरोहों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें