Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा में शुक्रवार शाम एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना टावर चौक स्थित ICICI बैंक के पास करीब 4 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह कोचिंग जा रही थी। इसी दौरान टावर चौक के पास झालमुड़ी बेचने वाले 45 वर्षीय गोपाल गुप्ता ने उसे अकेला देखकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
छात्रा की बहादुरी से टली बड़ी वारदात
अचानक हुई इस हरकत से डरने के बजाय छात्रा ने साहस दिखाते हुए विरोध किया। उसने जोर-जोर से शोर मचाया और पास पड़े पत्थर उठाकर आरोपी की ओर फेंकने शुरू कर दिए। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने आरोपी को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें: गढ़वा में झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग का भव्य आगाज, वीर बुधु भगत टाइगर्स ने जीता उद्घाटन मुकाबला
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलने पर जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी गोपाल गुप्ता को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में लोगों ने छात्रा की बहादुरी की सराहना की। बताया गया कि आरोपी गोपाल गुप्ता सरखेलडीह इलाके में किराए के मकान में रहता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
