Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : अब पुलिस से जुड़ी कई जरूरी सेवाओं और जानकारियों के लिए लोगों को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए ‘JOHAR POLICE’ WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया है। इस डिजिटल सेवा के जरिए लोग मोबाइल से ही कई पुलिस सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और शिकायत या आवेदन से जुड़ी स्थिति भी जान पाएंगे।
यह भी पढ़ें : जनरल से 1 करोड़, SC-ST से 80 लाख! 14वीं JPSC में नौकरी के लिए ऐसे मांगी जा रही थी रकम, CID के दावों से सनसनी
SSP ने किया चैटबॉट का शुभारंभ
जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने JOHAR POLICE चैटबॉट सेवा की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए लोगों को WhatsApp नंबर 9471167577 पर सिर्फ ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट पर उपलब्ध विकल्पों के जरिए संबंधित पुलिस सेवा या जानकारी का चयन किया जा सकेगा। जारी QR कोड को स्कैन करके भी सीधे इस सेवा से जुड़ा जा सकता है।
साइबर अपराध से लेकर पुलिस वेरिफिकेशन तक की सुविधा
JOHAR POLICE के जरिए लोगों को कई तरह की पुलिस सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें खोए या चोरी हुए मोबाइल से संबंधित सहायता, साइबर अपराध की शिकायत और जानकारी, ट्रैफिक व चालान से जुड़ी जानकारी शामिल है। इसके अलावा पासपोर्ट वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र, विभिन्न पुलिस वेरिफिकेशन का स्टेटस और पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत की स्थिति भी चैटबॉट के माध्यम से देखी जा सकेगी। चैटबॉट में महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के लिए भी सुविधा दी गई है। लोग ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायत या सूचना दर्ज करा सकते हैं। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए भी विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा नागरिक नजदीकी थाने की जानकारी प्राप्त करने के साथ पुलिस को सुझाव और फीडबैक भी दे सकेंगे।
घर बैठे मिलेंगी पुलिस सेवाएं
एसएसपी के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य छोटी-छोटी पुलिस सेवाओं और जानकारियों के लिए लोगों की अनावश्यक आवाजाही को कम करना है। WhatsApp के जरिए घर बैठे जानकारी और सेवाएं मिलने से नागरिकों का समय बचेगा। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल व्यवस्था पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद को भी आसान और तेज बनाएगी। चैटबॉट के जरिए शिकायत या समस्या मिलने के बाद उसके समाधान के लिए संबंधित पुलिस टीम कार्रवाई करेगी। यदि आगे किसी तरह की अतिरिक्त जानकारी या व्यक्तिगत सत्यापन की जरूरत होगी, तभी संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाया जाएगा।

NIT जमशेदपुर की मदद से तैयार हुआ सॉफ्टवेयर
एसएसपी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में JOHAR POLICE सॉफ्टवेयर को NIT जमशेदपुर की मदद से तैयार कराया गया है। इसमें WhatsApp के माध्यम से मिलने वाले जवाब ऑटोमेटेड होंगे। आम नागरिक अपने मोबाइल पर WhatsApp की तरह ही इस सिस्टम का इस्तेमाल कर सकेंगे। समस्या या सेवा का चयन करने के बाद उन्हें क्विक ऑटोमेटेड रिस्पॉन्स मिलेगा।
JOHAR POLICE पर मिलेंगी ये सुविधाएं
JOHAR POLICE चैटबॉट इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल में WhatsApp खोलें और 9471167577 नंबर पर ‘Hi’ भेजें। इसके बाद स्क्रीन पर आने वाले विकल्पों में से अपनी जरूरत के मुताबिक पुलिस सेवा का चयन करें। QR कोड स्कैन करके भी चैटबॉट तक सीधे पहुंचा जा सकता है।
- खोए या चोरी हुए मोबाइल से संबंधित सहायता
- साइबर अपराध की शिकायत और जानकारी
- ट्रैफिक और चालान से संबंधित जानकारी
- पासपोर्ट वेरिफिकेशन
- चरित्र प्रमाण पत्र वेरिफिकेशन
- पुलिस वेरिफिकेशन का स्टेटस
- पुलिस कार्यालय में दिए आवेदन या शिकायत का स्टेटस
- नजदीकी थाने की जानकारी
- महिला सुरक्षा और ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायत
- वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता
- पुलिस को सुझाव और फीडबैक

Reporter | Samachar Post


