Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर में नशे, अवैध हथियार और अड्डेबाजी के खिलाफ पुलिस ने जुलाई और अगस्त 2026 में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान अलग-अलग मामलों में 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा और ब्राउन शुगर के साथ अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नशे से जुड़े 18 मामलों में 36 गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, जुलाई और अगस्त के दौरान नशीले पदार्थों से जुड़े 18 मामलों में कुल 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों में 133.9 किलो गांजा और 108.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध हथियार के 10 मामलों में 31 लोग पकड़े गए
इसी अवधि में अवैध हथियार से जुड़े 10 मामलों में पुलिस ने 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 10 देशी हथियार और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों की बरामदगी के जरिए शहर में संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।

2 हजार से ज्यादा लोगों की हुई चेकिंग
अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने पिछले दो महीनों में 2,000 से अधिक लोगों की जांच की। इनमें से 787 लोगों को PR Bond पर छोड़ा गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशे के सेवन और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमालय में विकास परियोजनाओं से पहले खतरे का आकलन जरूरी, सीयूजे के वेबिनार में विशेषज्ञों ने सुझाई रणनीति
जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नशे और अपराध के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने के साथ अवैध हथियारों तथा नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशा, अवैध हथियार और अड्डेबाजी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


