मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

बेटे की मौत के मामले में न्याय नहीं मिलने का आरोप, SSP कार्यालय के बाहर मां ने किया आत्मदाह का प्रयास

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : बेटे की मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाते-लगाते परेशान एक मां ने रविवार को जमशेदपुर के उपायुक्त एवं एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला अपने साथ पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंची थी और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश करने लगी। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और एक युवक ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते रोक लिया। इसके बाद उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यह भी पढ़ें : मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारोटेफ ने जताया शोक, आज सभी जिला मुख्यालयों में श्रद्धांजलि सभा

26 जुलाई को बेटे ने फांसी लगाकर की थी आत्महत्या

महिला की पहचान सोनारी निवासी मोनी कुमारी के रूप में हुई है। उनका बेटा जय यादव ने 26 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि जय एक युवती के साथ पिछले सात से आठ वर्षों से प्रेम संबंध में था। परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद जय मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। परिवार का आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना के कारण उसने आत्महत्या कर ली।

युवती को 20 हजार रुपये देने और लगातार कॉल आने का दावा

मृतक के परिजनों का दावा है कि जय यादव ने युवती को करीब 20 हजार रुपये भी दिए थे। परिवार के मुताबिक, घटना वाले दिन भी युवती की ओर से जय के मोबाइल फोन पर लगातार कॉल आ रहे थे। परिजनों ने दावा किया है कि उनके पास इन कॉल से संबंधित रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

जय यादव की मौत के बाद परिजनों ने सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिवार का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद जांच में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। परिजनों ने केस के जांच अधिकारी सुधीर कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पूछताछ के नाम पर उन्हें कई-कई घंटे तक थाने में बैठाया जाता है, जबकि जिस युवती पर आरोप लगाए गए हैं, उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि वे मामले को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला। लगातार निराशा के बाद महिला रविवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। परिजनों के मुताबिक, महिला वहां अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाना चाहती थी। इसी दौरान उसने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।

गार्ड और युवक की तत्परता से बची महिला की जान

महिला जैसे ही पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश करने लगी, वहां मौजूद एक एटीएम सुरक्षा गार्ड और एक युवक ने उसे पकड़ लिया। दोनों ने उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

परिजनों ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार का यह भी कहना है कि महिला इससे पहले भी छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। इधर, सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित युवती से पूछताछ की जा चुकी है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment