गुवा गोलीकांड के शहीदों को सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने दी श्रद्धांजलि

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में मंगलवार को सारंडा के सलाई और गोइलकेरा के डेरवां चौक स्थित शहीद वेदी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर विधिवत नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

शहीदों के संघर्ष और उद्देश्य को याद करना जरूरी: जोबा माझी

सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देना केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, त्याग और कुर्बानी के उद्देश्य को याद करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन हक और अधिकारों के लिए लोगों ने आंदोलन किया और अपनी जान दी, उस संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए समाज को एकजुट होकर संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।जोबा माझी ने समाज के सभी वर्गों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि एकजुटता के जरिए ही अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों की रक्षा की जा सकती है।

जल, जंगल और जमीन ही अस्तित्व का आधार: जगत माझी

मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन से ही क्षेत्र के लोगों का अस्तित्व जुड़ा हुआ है। उन्होंने इनके संरक्षण को समाज का कर्तव्य बताते हुए कहा कि क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिलाने की दिशा में भी काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में नशे और अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस का अभियान, दो महीने में 67 आरोपी गिरफ्तार

बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता हुए शामिल

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, विक्रम सिंह, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी, सुखराम सांडिल, बामिया माझी, मोहम्मद तबारक, सुखमती कोड़ा, जानकी हेम्ब्रम और निखिल साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।

Share this news

संबंधित खबरें