Samachar Post रिपोर्टर, पश्चिमी सिंहभूम : गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ करने वाले 42 वर्षीय गोरा अंगरिया की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपी की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव के 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया के व्यवहार में पिछले कुछ दिनों से बदलाव देखा जा रहा था। परिजनों को लगा कि वह मानसिक रूप से परेशान है। इसके बाद उन्होंने पूजा-पाठ और झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया। इसी क्रम में पोंडे राम के घर पर धार्मिक अनुष्ठान कराया गया। इसमें पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया और कुछ ग्रामीण शामिल हुए थे।
अनुष्ठान के बाद घर में ही रुके थे पुजारी
पूजा-पाठ समाप्त होने के बाद रात में अधिकांश ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि, गोरा अंगरिया और डाकुवा वहीं रुक गए। बताया गया कि पोंडे राम भी उसी कमरे में सो रहा था। इसी दौरान गोरा अंगरिया पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। गुरुवार को भी पुलिस टीम बड़ैला गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : झारखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, 4 स्वर्ण समेत जीते 9 पदक
गांव में बना हुआ है डर का माहौल
हत्या की घटना के बाद बड़ैला गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


