जमशेदपुर में निवेश के नाम पर 9 लाख की ठगी का आरोप, तीन महिलाओं ने थाने में दी शिकायत

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : पहले निवेश में करीब 5 लाख रुपये वापस मिलने से बढ़े भरोसे के बाद एक परिवार की तीन महिलाओं ने दोबारा करीब 9 लाख रुपये निवेश किए। आरोप है कि उन्हें निवेश पर 15 प्रतिशत तक रिटर्न और पांच साल में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिया गया था। अब निवेश की रकम और उसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के बाद परिवार ने सिदगोड़ा थाना में संतोष कुमार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास का बताया गया है। पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, परिवार की तीन महिलाओं ने मिलकर अलग-अलग रकम निवेश की थी।

तीन महिलाओं ने मिलकर लगाए करीब 9 लाख

शिकायत के मुताबिक, एक महिला ने 8 लाख रुपये, पूजा देवी ने 50 हजार रुपये और सोनी देवी ने भी 50 हजार रुपये निवेश किए। पीड़ित महिला का कहना है कि वह करीब 10 वर्षों से संतोष कुमार के संपर्क में थी और पहले भी उसके माध्यम से निवेश कर चुकी थी। पहले किए गए निवेश में करीब 5 लाख रुपये वापस मिलने के बाद परिवार का संतोष कुमार पर भरोसा बढ़ा। इसी भरोसे के आधार पर महिलाओं ने दोबारा बड़ी रकम निवेश की।

15 प्रतिशत रिटर्न और पांच साल में रकम दोगुनी करने का दावा

पीड़ितों का आरोप है कि संतोष कुमार ने निवेश की रकम पर करीब 15 प्रतिशत रिटर्न देने और पांच साल में राशि दोगुनी होने का भरोसा दिलाया था। लेकिन अब जब परिवार की ओर से निवेश की रकम और उसकी मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी मांगी जा रही है, तो आरोप है कि संतोष कुमार की तरफ से स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद महिलाओं को निवेश के नाम पर ठगी होने की आशंका हुई।

करीब 50 लोगों की रकम फंसे होने का दावा

पीड़ित परिवार का दावा है कि केवल उनकी रकम ही नहीं, बल्कि करीब 50 अन्य लोगों की बड़ी राशि भी इसी तरह फंसी हुई है। कुछ अन्य लोगों की ओर से भी सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर निवेश की रकम की स्थिति स्पष्ट कराने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें : रांची में इंटरनेट केबल काटे जाने पर हाईकोर्ट नाराज, सरकार को दोपहर 2:15 बजे तक सेवा बहाल करने का निर्देश

शिकायतों के आधार पर जांच करेगी पुलिस

पुलिस ने संभावित अन्य पीड़ितों से भी लिखित शिकायत देने की अपील की है। इससे सभी शिकायतों को एक साथ लेकर मामले की जांच करने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। निवेश की रकम वास्तव में कहां गई, किस उद्देश्य से ली गई और इसमें किसी तरह की धोखाधड़ी हुई है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

संबंधित खबरें