Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी : खूंटी जिले में हथियारबंद अपराधियों ने पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। बुधवार देर रात भगत सिंह चौक स्थित व्यवसायी और संवेदक अमित साहू के पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने एक राउंड गोली चलाई। इसके बाद प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के नाम से एक पर्चा फेंककर दोनों तोरपा रोड की ओर फरार हो गए। फायरिंग की घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के वक्त पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू मौके पर मौजूद नहीं थे।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में निवेश के नाम पर 9 लाख की ठगी का आरोप, तीन महिलाओं ने थाने में दी शिकायत
पर्चे में दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये देने की धमकी
घटनास्थल से बरामद पर्चे में PLFI के कथित जोनल कमांडर राजेश यादव के नाम का उल्लेख किया गया है। पर्चे में अमित साहू से दो दिनों के भीतर संगठन को सहयोग राशि के तौर पर 10 लाख रुपये देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। अमित साहू के मुताबिक, इससे पहले भी मार्च-अप्रैल के दौरान PLFI के नाम पर उन्हें दो-तीन बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले परवल स्थित उनके आवास पर भी हमला हुआ था। बुधवार रात की घटना और लेवी की मांग की जानकारी उन्होंने पुलिस को दे दी है।

घटनास्थल से खोखा और धमकी भरा पर्चा बरामद
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जमुदा और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान एक खोखा और PLFI के नाम से फेंका गया पर्चा बरामद किया है। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध गोली चलाते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, पहले मिली धमकियों से इस घटना के संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

Reporter | Samachar Post


