Samachar Post रिपोर्टर,रांची : सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ से 30 जुलाई से लापता फार्मासिस्ट दीपक कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनके लापता हुए एक माह नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस उन्हें बरामद नहीं कर सकी है। पति की सकुशल बरामदगी को लेकर पत्नी किरण कुमारी ने सदर थाना में आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। दीपक कुमार मूल रूप से कोडरमा जिले के मरकच्चो के रहने वाले हैं। वह रांची में अपने परिवार के साथ रहते थे और मेडिका अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थे। उनके लंबे समय से लापता रहने के कारण परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं।
यह भी पढ़ें : झारखंड में AI से होगी खनिजों की खोज, लिथियम-यूरेनियम पर फोकस; 15 मिनरल ब्लॉक नीलामी के लिए तैयार
30 जुलाई को भतीजी को कोचिंग छोड़ने निकले थे
परिजनों के अनुसार, 30 जुलाई को दीपक अपनी भतीजी खुशी को कोचिंग छोड़ने और उसके लिए कमरा देखने नारायणा इंस्टीट्यूट, कांके रोड गए थे। भतीजी करीब शाम 3:30 बजे वापस लौट आई, लेकिन दीपक देर रात तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने जब भतीजी से पूछताछ की तो उसने बताया कि दीपक उसे बूटी मोड़ तक छोड़कर गए थे। इसके बाद से दीपक का कोई पता नहीं चला। परिवार ने अपने स्तर से भी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

दो छोटे बच्चों को पिता के लौटने का इंतजार
दीपक की पत्नी किरण कुमारी ने बताया कि पति के लापता होने के बाद परिवार के सामने मुश्किल परिस्थितियां खड़ी हो गई हैं। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जो लगातार अपने पिता के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। बच्चों की स्थिति देखकर परिवार के लोग भी परेशान हैं। परिजनों का कहना है कि दीपक के लापता होने के बाद से उनका इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द दीपक की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
जांच जारी है
परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से दीपक की बरामदगी नहीं हो पाई है और उन्हें लगातार पुलिस की जांच का भरोसा दिया जा रहा है। इससे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं, मामले को लेकर थाना प्रभारी का कहना है कि दीपक कुमार की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस उनके बारे में उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Reporter | Samachar Post


