Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : गढ़वा शहर के टाउन हॉल मैदान में झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग (JKPL) का भव्य और उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। यह प्रतियोगिता 14 जून तक चलेगी, जिसमें राज्य की छह प्रमुख टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। लीग का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा और विशिष्ट अतिथि एसडीओ संजय कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे।
पारंपरिक खेल कबड्डी को बढ़ावा देने पर जोर
उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि कबड्डी भारत की पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने पर जोर दिया। वहीं, एसडीओ ने भविष्य में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की बात कही, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को और अधिक मंच मिल सके।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा अवसर
आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि सितंबर-अक्टूबर में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सके। इस प्रीमियर लीग में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। सिद्धू कान्हू वॉरियर्स तेलंगाना खड़िया, ब्लास्टर्स, बिरसा मुंडा लायंस, वीर बुधु भगत टाइगर्स, शेख भिखारी हीरोज, तिलका मांझी वॉरियर्स उद्घाटन मुकाबले में टाइगर्स की जीत लीग के पहले मुकाबले में वीर बुधु भगत टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तिलका मांझी वॉरियर्स को 55-48 अंकों से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।वीर बुधु भगत टाइगर्स ने बेहतर तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर यह मुकाबला अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें: गेतलसूद सोलर प्रोजेक्ट के बेस कैंप पर ग्रामीणों का हंगामा, CSR फंड में गड़बड़ी और दुरुपयोग का आरोप

आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, कई प्रशासनिक अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन झारखंड राज्य कबड्डी संघ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
