गिरिडीह में हाई वोल्टेज ड्रामा: 33 हजार केवी बिजली टावर पर चढ़ा युवक, डेढ़ घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया

Rupa Kumari | June 12, 2026 | 01:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक नशे की हालत में 33 हजार केवी बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। करीब 70 फीट ऊंचे टावर पर युवक को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और किसी बड़े हादसे की आशंका के चलते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। घटना खावा पंचायत के परयाना गांव की है। युवक की पहचान पंकज मिश्रा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था और अचानक चालू विद्युत लाइन वाले टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

खावा पंचायत के मुखिया मोहन मंडल ने घटना की जानकारी पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, नशे की हालत में होने के कारण युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इस दौरान पुलिस और ग्रामीण लगातार उसे समझाने में जुटे रहे।

यह भी पढ़ें: बिहार में भीषण सड़क हादसा, तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत

टावर पर बैठकर करता रहा शराब की मांग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टावर पर चढ़ने के बाद युवक असामान्य व्यवहार कर रहा था और बार-बार शराब की मांग कर रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान नीचे खड़े ग्रामीणों की सांसें थमी रहीं और सभी की निगाहें टावर पर टिकी रहीं।

पुलिस की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

लगातार समझाने-बुझाने और सतर्क निगरानी के बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। काफी मशक्कत के बाद वह सुरक्षित जमीन पर पहुंच गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और उसे सुरक्षित नीचे उतारना पुलिस की प्राथमिकता थी। उन्होंने कहा कि चालू हाई वोल्टेज लाइन वाले टावर पर चढ़ना बेहद खतरनाक था और थोड़ी सी भी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता, धैर्य और सूझबूझ की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पूरे इलाके में राहत का माहौल देखा गया।

Share this news

संबंधित खबरें