गिरिडीह में बेकाबू कार सूखे पेड़ से टकराई, एयरबैग ने बचाई दो लोगों की जान

Rupa Kumari | August 27, 2026 | 11:14 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : बराकर स्थित रीजू बालिका जैन मंदिर के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, बिहार नंबर BR 01 HY 6361 वाली कार गिरिडीह से डुमरी की ओर जा रही थी। मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे वाहन में सवार दोनों लोगों की जान बच गई।

स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा रही, जिससे सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

लंबे समय से खड़ा है सूखा पेड़

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ा सूखा पेड़ लंबे समय से खतरा बना हुआ है। लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी कई वाहन इस पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार हादसों के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से पेड़ को हटाने के लिए अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें : पलामू में बारिश से उफान पर धूरिया नदी, टापू बनीं दो बस्तियां; मरीज को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल

पेड़ हटाने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क किनारे खड़े सूखे और खतरनाक पेड़ों का सर्वे कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे पेड़ों को चिह्नित कर जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सके। खासकर रात के समय सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ों से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।

Share this news

संबंधित खबरें