Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गिरिडीह कॉलेज के पास हुए सड़क हादसे में घायल टोटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चंदन नगर पुलिस लाइन निवासी सुनील पासवान के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सुनील सोनबाद से सवारी छोड़कर गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए।
धनबाद ले जाने के दौरान मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुनील को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। सुनील अपने पीछे पत्नी और छह साल की बेटी छोड़ गए हैं।

यह भी पढ़ें : पुलिस एसोसिएशन के अल्टीमेटम पर जयराम महतो का पलटवार, बोले- माफी नहीं मांगेंगे
टक्कर मारने वाला चालक फरार
घटना के बाद पुलिस ने टोटो और चार पहिया वाहन, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH11-AV-0822 बताया गया है, को कब्जे में लेकर बेंगाबाद थाना पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वाहन चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

