जमशेदपुर में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी के निधन के बाद अकेले रह रहे थे

Rupa Kumari | June 12, 2026 | 01:21 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह तालाब के पास गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 66 वर्षीय एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान कपाली के गौसनगर निवासी ए. सत्तार खान (66) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब के पास अचानक शोर सुनाई देने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले बुजुर्ग को तत्काल  टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटनास्थल से मिला एक नोट

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से उर्दू भाषा में लिखा एक नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि बुजुर्ग ने यह कदम अपनी इच्छा से उठाया था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

यह भी पढ़ें: वनांचल एक्सप्रेस में RPF की बड़ी कार्रवाई, ₹59 लाख के 174 चोरी के मोबाइल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

पत्नी के निधन के बाद अकेलेपन से जूझ रहे थे

परिजनों ने पुलिस को बताया कि ए. सत्तार खान एक निजी कंपनी से वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। पत्नी के निधन के बाद वह काफी अकेले रहने लगे थे और मानसिक तनाव का सामना कर रहे थे। उनकी चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पहले वह धातकीडीह क्षेत्र में रहते थे, लेकिन बाद में उनकी बहन ने कपाली स्थित गौसनगर में अपने घर पर उनके रहने की व्यवस्था की थी।

घर से निकले थे, फिर मिली घटना की सूचना

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट, अवसाद या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो किसी विश्वसनीय परिवारजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत संपर्क करना महत्वपूर्ण है। सहायता उपलब्ध है।

Share this news

संबंधित खबरें