लातेहार में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत

Rupa Kumari | June 12, 2026 | 10:47 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो मासूम बच्चियों की जान चली गई। बरियातू थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत बच्चियों की पहचान प्रियंका कुमारी (10 वर्ष) और संजू कुमारी (9 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरी बहन थीं।

घर से निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं

परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियां गुरुवार को घर से बाहर निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को गांव के पास स्थित पानी से भरे एक गड्ढे में दोनों बच्चियां डूबी हुई मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें: झारखंड में मौसम का अलर्ट: 18 जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी, वज्रपात और तेज बारिश की संभावना

अवैध ईंट भट्ठे के गड्ढे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ईंट भट्ठे के लिए खोदे गए गड्ढे को काम पूरा होने के बाद खुला छोड़ दिया गया था। हाल की बारिश के कारण उसमें पानी भर गया, जिससे वह बच्चों और ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में मौजूद ऐसे सभी खुले एवं खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरवाने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर परिजन बच्चियों का पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन प्रशासन और पुलिस के समझाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक ही परिवार की दो बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गड्ढे को समय रहते सुरक्षित कर दिया गया होता, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

Share this news

संबंधित खबरें