पाकुड़ में क्रेशर से चोरी करते दो आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए, पुलिस ने भेजा जेल

Rupa Kumari | July 25, 2026 | 11:44 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में एक क्रेशर यूनिट में चोरी करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के सालबोनी स्थित धनंजय यादव के क्रेशर में दो युवक चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी गतिविधियों पर नजर पड़ने के बाद दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

दोनों आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों का नाम पहले भी चोरी के मामलों में सामने आ चुका है और वे पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : सिमडेगा में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, धारदार हथियार से हमला कर व्यक्ति की हत्या

क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता

घटना के बाद क्षेत्र के क्रेशर संचालकों और व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने भी लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है, ताकि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें