साहेबगंज में धान रोपकर प्रदर्शन की चेतावनी का असर, एक महीने में बनेगी 1.7 किमी पक्की सड़क

Samachar Post रिपोर्टर, साहेबगंज : बोरियो प्रखंड के पुआल गांव में जर्जर कच्ची सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी आखिरकार प्रशासन तक पहुंची। ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद सोमवार शाम अधिकारी गांव पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि करीब 1.7 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण एक महीने के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि सड़क की समस्या दूर नहीं हुई तो 9 सितंबर को कच्ची सड़क पर धान रोपकर प्रदर्शन किया जाएगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद, कार्यपालक अभियंता देवीलाल हांसदा और प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साव सोमवार शाम पुआल गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मांझी टोला से डिगरा टोला तक जाने वाली जर्जर और कीचड़युक्त सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर अपनी नाराजगी जताई और जल्द निर्माण कराने की मांग रखी।

बारिश में सड़क पर चलना भी मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार, मांझी टोला और डिगरा टोला से होते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। बरसात में रास्ते पर कीचड़ और जलजमाव हो जाने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खटिया के सहारे कीचड़ भरे रास्ते से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना पड़ता है।

कई बार मांग के बावजूद नहीं बनी सड़क

पुआल गांव की मुखिया टेरेसिना मरांडी ने बताया कि पक्की सड़क निर्माण की मांग कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों के सामने रखी गई, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ जमा रहने से आवागमन बाधित होता है। लंबे समय तक जलजमाव रहने से ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।

विधानसभा चुनाव में दिया था ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा

ग्रामीण मंगल मुर्मू ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा दिया था। उनके मुताबिक, उस समय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से सड़क निर्माण का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने मतदान किया, लेकिन चुनाव के बाद भी सड़क की समस्या जस की तस बनी रही।

यह भी पढ़ें : झारखंड में नक्सल नेटवर्क कमजोर, अब संगठित अपराध बड़ी चुनौती; 193 गिरफ्तार और 63 हथियार बरामद

पीएम जनमन योजना से बनेगी 1.7 किमी सड़क

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का शिलापट्ट नहीं लगाया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं, एसडीओ अमर जॉन आईंद ने बताया कि सड़क की स्थिति वास्तव में काफी खराब है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। पीएम जनमन योजना के तहत पुआल गांव में करीब 1.7 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य एक महीने के भीतर शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा गांव की अन्य एप्रोच सड़कों का काम भी पूरा कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों को सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी है।

Share this news

संबंधित खबरें